कृत्रिम बुद्धिमत्ता ज्ञान-सृजन और नवाचार को देगी नई दिशा : प्रो. आनंद कुमार त्यागी
चंदौली के ग्रामीण परिवेश से निकलकर काशी हिंदू विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडल हासिल करने और अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे समकालीन विषय पर 20 अध्यायों की पुस्तक संपादित करने तक प्रो. रणधीर सिंह की शैक्षणिक यात्रा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनकी यह कृति परंपरागत ज्ञान और आधुनिक तकनीक के बीच सेतु बनाते हुए शिक्षा, शोध और नवाचार की नई संभावनाओं को सामने रखती है।

काशी विद्यापीठ के कुलपति ने किया प्रो. रणधीर सिंह की पुस्तक का विमोचन, 20 अध्यायों में समाहित हैं एआई के विविध आयाम
वाराणसी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आज केवल तकनीकी बदलाव का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान-सृजन, शोध, नवाचार और प्रत्येक क्षेत्र में गुणात्मक विकास की नई ताकत बनकर उभर रही है। शिक्षा से लेकर विज्ञान, प्रबंधन और वाणिज्य तक इसके बढ़ते प्रभाव के बीच महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक क्षेत्र के विकास और सुधार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। पुस्तकें ज्ञान का संकलन केंद्र और तथ्यों का संग्रहालय होती हैं, जो समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने प्रो. रणधीर सिंह द्वारा संपादित पुस्तक ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता : अंतर्दृष्टि, एकीकरण एवं नवाचार’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक की विषयवस्तु और समकालीन प्रासंगिकता की सराहना करते हुए इसे ज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उपयोगी प्रयास बताया।
पुस्तक के संपादक प्रो. रणधीर सिंह ने बताया कि यह कृति उनके लगभग 20 वर्षों के अनुभव, अध्ययन और अध्यापन का परिणाम है। बहुविषयक दृष्टिकोण पर आधारित इस पुस्तक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। इसमें कला, विज्ञान, प्रबंधन, तकनीकी और वाणिज्य जैसे विषयों से संबंधित कुल 20 अध्याय शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और अन्य पाठकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की व्यापक समझ प्रदान करना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक अध्ययन और अध्यापन की प्रक्रिया को समृद्ध करने के साथ ही पाठकों को एआई के नए आयामों, संभावनाओं और व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराने में सहायक होगी। पुस्तक का प्रकाशन देवयानी पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स, दिल्ली द्वारा किया गया है।
चंदौली की मिट्टी से काशी तक बनाई पहचान
प्रो. रणधीर सिंह मूल रूप से चंदौली जनपद के ग्राम सढ़ान (पूरा), पोस्ट रामगढ़ के निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई, जबकि उच्च शिक्षा काशी हिंदू विश्वविद्यालय से प्राप्त की। वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं। वर्तमान में वह डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज, भैरव तालाब (राजातालाब), वाराणसी के शारीरिक शिक्षा विभाग में प्रोफेसर हैं। इससे पूर्व भी उनके द्वारा कई पुस्तकों का लेखन एवं प्रकाशन किया जा चुका है।
पुस्तक विमोचन समारोह में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रोफेसर अमिता सिंह, वित्त अधिकारी पीतांबर दास सहित विश्वविद्यालय के अन्य सम्मानित प्राध्यापक उपस्थित रहे।