पूर्व मध्य रेल के 95 अधिकारी-कर्मचारी ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026’ से सम्मानित, डीडीयू मंडल को मिला उपविजेता दक्षता कप

c3cecc31f73e
महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित, धनबाद मंडल बना ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड विजेता

पटना/हाजीपुर, 7 अगस्त। पूर्व मध्य रेल के 71वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 समारोह में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 95 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा (पटना) में आयोजित समारोह में विभिन्न विभागों एवं मंडलों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 56 दक्षता एवं सर्वांगीण दक्षता शील्ड भी प्रदान की गई।

समारोह का शुभारंभ महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह, पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता सिंह तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान रेल सप्ताह समारोह पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
समारोह में महाप्रबंधक ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड-2026 धनबाद मंडल को प्रदान की गई, जबकि एफिशिएंसी रनर्स-अप कप संयुक्त रूप से सोनपुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल को मिला।

स्वच्छता के क्षेत्र में बड़े स्टेशनों की श्रेणी में डीडीयू जंक्शन, मध्यम श्रेणी में नरकटियागंज तथा छोटे स्टेशनों में राजगीर को स्वच्छता शील्ड से सम्मानित किया गया। वहीं, जनशिकायत निवारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए समस्तीपुर और सोनपुर मंडल को संयुक्त रूप से रेल मदद शील्ड प्रदान की गई।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने कहा कि पूर्व मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सुरक्षा, यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना विकास और राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
 उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का आधुनिकीकरण तेजी से चल रहा है तथा कर्मचारी कल्याण, पदोन्नति, स्वास्थ्य सेवाओं और खेल-सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
समारोह में अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव, पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, रेलवे यूनियनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *