अधिकारियों के लालीपाप से किसानों और व्यापारियों में भारी आक्रोश – पिंटू पाल

कहा, पांचवें दिन भी जलभराव से निजात नहीं, कल डीसी मनरेगा का फूंका जायेगा पुतला
चन्दौली, सटीक संवाद।अधिकारियों के लालीपाप से किसानो और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. पांचवें दिन भी जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिला. कल दोपहर तक कार्य शुरु नहीं हुआ़ तो किसानों और व्यापारियों द्वारा डीसी मनरेगा का पुतला फूंका जायेगा. उक्त बातें सकलडीहा कस्बे में कॉलेज रोड पर धरना स्थल पर किसान नेता पिंटू पाल ने कहा .
उन्होंने आगे बताया कि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश कुमार ने कहा मेरे कार्य क्षेत्र मे विकास कार्य के लिए अस्सी लाख रूपये आया था जिसे वापस कर दिया. उनके इस बयान से किसानों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है. क्योंकि यह पैसा कहीं भी खर्च किया गया होता तो विकास हुआ होता. वापस कर देने से विकास कार्य अधूरा पड़ा हुआ़ है.
आज मामूली बारिश में भी यहां जलभराव हो जाता है. इससे व्यापारियों की दुकानों में पानी घुस जा रहा है. सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढे नहीं दिख पा रहे हैं, जिससे राहगीर और छात्र-छात्राओं समेत आम लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है और लोग गिर कर चोटिल हो जा रहे हैं. प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. यूनियन ने चेताया कि 04 जुलाई दोपहर तक डीसीमनरेगा के कथनानुसार कार्य नहीं किया गया तो उनका भी प्रतीकात्मक पुतला दहन किया जायेगा
बता दें कि सकलडीहा कस्बे की विभिन्न खराब सड़कों पर जगह-जगह पर जल भराव है. वहीं सकलडीहा इंटर कॉलेज गेट के सामने स्टेशन मार्ग पर काफी दिनों से जल जमाव होने के कारण स्कूली बच्चों, राहगीरों और व्यापारियों का गुजरना खतरा मोल लेना है.जिसको लेकर भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन का एक प्रतिनिधि मंडल पूर्व में जिलाधिकारी चंदौली को पत्रक देकर अवगत कराया था.
आश्वासन के बाद भी जल जमाव से निजात नहीं मिला तो पूर्व अल्टीमेटम के अनुसार मांगों के समर्थन में अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन पर बैठ गये.बावजूद अधिकारियों के संज्ञान नहीं लेने पर तीसरे दिन खण्ड विकास अधिकारी सकलडीहा का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर नाराजगी जाहिर किया.
चौथे दिन डीसी मनरेगा राजेन्द्र चतुर्वेदी, बीडीओ विजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय, सचिव संदीप कुमार गौतम और ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंच कर उनकी बातों को सुना और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को पूरा करने के लिए प्रोसेस जारी है. किसानों ने कहा कि हम लोग इस बात से सहमत नहीं हैं. कई बार आश्वासन देकर उनको टाल दिया जा रहा है.
जब तक जल जमाव से निजात नहीं दिलाया जायेगा तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा. पांचवे दिन पीडब्लूडी के जेई ने मौके का निरीक्षण किया और बताया कि जल जमाव वाली स्टेशन मार्ग उनके कार्य क्षेत्र मे नहीं आती है यह जिला पंचायत सदस्य के कार्य क्षेत्र में है. मौके पर मौजूद जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रमेश कुमार ने बताया कि डीसी मनरेगा इस कार्य को कराने हेतु उनसे मांग करें. कार्य शुरु कराकर जल जमाव की समस्या से निजात दिला दिया जायेगा.
धरना प्रदर्शन मे दीनानाथ श्रीवास्तव, सारनाथ सिंह, शेषनाथ यादव, अखिलेश यादव, निरंजन पाल, मुन्ना सिंह, मोहन यादव, आनंद सेठ, इमरान खान, धर्मराज चौहान सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।