Headlines

न्याय पर भरोसा दांव पर : चकिया में नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में भीम आर्मी उबाल पर

आरोपी की गिरफ्तारी, पीड़िता और परिवार की सुरक्षा की मांग, विरोध प्रदर्शन कर एसपी को सौपेंगे ज्ञापन 

चकिया (चंदौली) — भीम आर्मी एवं आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को बिछिया धरना स्थल पर प्रदर्शन कर चकिया पुलिस की सुस्त कार्रवाई व प्रशासन की उदासीनता पर कड़ी नाराज़गी जताई जाएगी। दोनों संगठनों ने एसपी आकाश पटेल को ज्ञापन देकर आरोपित सचिन यादव की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा की मांग करेंगे, यह जानकारी भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष रामचंद्र राम ने दी।



रामचंद्र के अनुसार चकिया थाना क्षेत्र के एक गांव में 28 अप्रैल 2026 को एक नाबालिग लड़की के साथ उसी गांव के मनबढ़ सचिन यादव द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर आरोपित ने पीड़िता और उसके पिता को जान से मारने और उठाने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में धारा 75(2), 351(2), 127(2), 3(1)(द), 3(2), 7 और 8 के तहत FIR दर्ज कर विवेचना सीओ चकिया को सौंपी थी।

घटना के एक माह बीत जाने के बावजूद आरोपित खुलेआम घूम रहा है, जबकि पुलिस गिरफ्तारी में विफल रही है। रामचंद्र ने इसे चकिया पुलिस की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं और आरोपी पर कार्रवाई नहीं होती तो यह न सिर्फ पीड़िता के लिए खतरा है, बल्कि जनता के न्याय पर से भरोसे को भी चोट पहुंचेगी। दोनों संगठनों ने एसपी से FIR की जांच में तत्परता, आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

आज़ाद समाज पार्टी के जिलाउपाध्यक्ष अवधेश कुमार भारती ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में देरी और पुलिस की सुस्ती आरोपियों को हौसला देती है, इसलिए संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। क्षेत्राधिकारी चकिया ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा है, उसके खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया के तहत गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जा चुकी है। कल NBW जारी किया जाएगा। उसके बाद भी हाजिर नहीं होता है तो कुर्क प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। 

लेकिन गिरफ्तारी न होने से स्थानीय संगठनों और जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। स्थानीय नेता चेतावनी दे रहे हैं कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन और कानूनी कदम उठाने पर मजबूर होंगे। प्रशासन पर अब यह जिम्मेदारी बनती है कि वह शीघ्र गिरफ्तारी कर कानून व न्याय व्यवस्था की रक्षा सुनिश्चित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *