धूमधाम से मनाया गया धम्म जागरूकता एवं सम्मान समारोह

बुद्ध के धम्म का आधार दुखवाद, अनीश्वरवाद, अनात्मवाद और प्रतीत्य-समुत्पाद है- प्रखर
गाजीपुर : जनपद के जमानिया क्षेत्र के दरौली स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में रविवार को आंबेडकरवादी विद्वज्जनों का विशुद्ध संगठन GOAL के तत्वावधान में धम्म जागरूकता एवं सम्मान समारोह बड़े धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि GOAL के महासचिव देवचंद्र भारती ‘प्रखर’ ने पाँच धम्म-प्रचारकों को धम्म प्रहरी सम्मान से सम्मानित किया गया.
GOAL आंबेडकरवादी विद्वज्जनों का, राष्ट्रीय स्तर का एक विशुद्ध संगठन है, जो बहुजन सांस्कृतिक मंच का भी संचालन करता है. इस मंच के प्रमुख गायक विजय कुमार गौतम ने GOAL के बैनर तले 13 अक्टूबर को धम्म जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया था.अन्त में पाँच धम्म-प्रचारकों विजय कुमार गौतम, डाॅ. बुद्धप्रिय सुरेश सौरभ गाजीपुरी, पिंटू कुमार गौतम, राधेश्याम भारती और विजय राम को ‘धम्म प्रहरी सम्मान’ से सम्मानित किया.
फोटो : धम्म प्रचारकों को धम्म प्रहरी सम्मान से सम्मानित करते हुए मुख्य अतिथि देवचंद भारती ‘प्रखर’ व अन्य
श्री ‘प्रखर‘ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा की धम्म और धर्म में शाब्दिक रूप से कोई अंतर नहीं है, किन्तु सैद्धांतिक रूप से बहुत अंतर है. बुद्ध के धम्म का आधार दुखवाद, अनीश्वरवाद, अनात्मवाद और प्रतीत्य-समुत्पाद है. उन्होंने प्रज्ञा, शील, करुणा एवं मैत्री का मतलब भी बताया. उन्होंने कहा कि बुद्ध-धम्म में मैत्री का मतलब यह है कि हम केवल मित्रों के प्रति ही नहीं बल्कि शत्रुओं के प्रति भी बंधुत्व की भावना रखें.
हमें अपने कार्यक्रमों में किसी भी धर्म की निंदा नहीं करनी है, बल्कि केवल बुद्ध-धम्म और आंबेडकरवाद की बात करनी है. उन्होंने यह भी कहा कि धम्म-प्रचारक लोग धम्म को ठीक से समझा नहीं पाते हैं, इसलिए आमजन को धम्म बहुत कठिन लगता है. जबकि धम्म का अनुपालन बहुत आसान है. धम्म का मतलब ही है – नैतिक आचरण यानी सदाचरण. नैतिक आचरण सभी लोग करते हैं. वे जब तक नैतिक आचरण करते हैं, तब तक सुखी रहते हैं. ज्यों ही वे नैतिकता के विरुद्ध आचरण करते हैं, उन्हें दुःख होता है.
इस दौरान ‘सटीक संवाद’ (ई-न्यूज पेपर) के प्रधान संपादक संजय कुमार दिनकर, अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रवक्ता एवं एनसीसी के कैप्टन लाल बिहारी प्रसाद, शहीद कैप्टन विजय प्रताप सिंह महाविद्यालय आवाजापुर के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार भारती, ज्ञानेंद्र कुमार भारती, रामदत्त राम, कैप्टन सुब्बा यादव, मिशन गायिका प्रमिला प्रकाशित, सुनील कुमार गौतम (SI) , रमाशंकर, कमलेश, जयप्रकाश रविदास सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाएं पुरुषों एवं नौजवानों ने कार्यक्रम में संबल प्रदान किया.
कार्यक्रम का संचालन GOAL के कोषाध्यक्ष डाॅ. बुद्धप्रिय सुरेश सौरभ गाजीपुरी ने किया. इसमें आंबेडकरवादी मिशनरी पिंटू कुमार गौतम का विशेष सहयोग रहा.