सात फेरों के साथ सजे 47 नए घर, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने बिखेरी खुशियां

f5ad3ab77ff0
सटीक संवाद | धानापुर (चंदौली)। विकास खंड धानापुर परिसर सोमवार को उस समय उल्लास, आस्था और खुशियों का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 47 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चारण, मंगलगीतों और शहनाई की मधुर धुनों के बीच सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन के पवित्र बंधन में बंध गए। पूरे परिसर में विवाह की पारंपरिक रस्मों और नवदंपतियों की मुस्कान ने उत्सव जैसा माहौल बना दिया। निर्धारित 49 जोड़ों में से दो जोड़े अपरिहार्य कारणों से समारोह में शामिल नहीं हो सके।

मानसून सत्र के चलते विधायक सुशील सिंह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनके स्थान पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वाराणसी किरण सिंह तथा विशिष्ट अतिथि मीरा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि किरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।उन्होंने कहा कि पहले इस योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और हर बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो।विवाह की सभी रस्में धार्मिक परंपराओं एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत संपन्न कराई गईं। सात फेरे और वैवाहिक संस्कार पूरे होने के बाद मुख्य अतिथि ने सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाणपत्र एवं उपहार भेंट कर उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा, एडीओ पंचायत राजेश सिंह, एडीओ समाज कल्याण सौरभ सिंह, कमलाकांत मिश्रा, मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, ग्राम पंचायत अधिकारी मिथिलेश सिंह, दिनेश सिंह, सुनील सिंह, विकास प्रजापति, नीलम जायसवाल, पंकज कुमार, नवनीत सिंह, दयाल शरण श्रीवास्तव, विपिन रस्तोगी, गुलशेर अली, शमशेर अली, विमल सिंह “दादा” सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ब्लॉक कर्मी और नवदंपतियों के परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अभय कुमार “पीके” ने किया, जबकि अंत में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *