हरदोई में वकील की हत्या से नाराज़ अधिवक्ता अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े

05 अगस्त तक न्यायिक कार्य से विरत
रहने का किया ऐलान
वाराणसी। हरदोई में बीच शहर में सरेआम वकील के घर में घुसकर उनकी हत्या से साथी वकीलों ने जबरदस्त गुस्सा और नाराजगी जताई। वहीं वाराणसी के जाने-माने फौजदारी के वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव इस घटना से काफ़ी भयभीत नजर आये। उन्होंने जल्द इस घटना में शामिल अपराधियों के गिरफ्तारी की मांग की है और पूरे प्रदेश में एक दिन हड़ताल रखने का बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से मांग की है।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन मामले के खुलासे को लेकर काफी सक्रिय हैं। उन्होंने पुलिस की तीन टीमें रात में ही लगा दी। एक सपा नेता सहित कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है । पुलिस अधीक्षक ने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही है।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कृष्णदत्त शुक्ला ने बताया कि 05 अगस्त तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। आगे की रणनीति पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के हिसाब से तय होगी। वहीं हरदोई के अलावा प्रदेश के कई जिलों में हड़ताल किए जाने की बात सामने आई है। अब सीतापुर और रायबरेली जनपद से वकीलों के हड़ताल पर जाने की सूचनाएं आई है।