अमित सिंह की पहल से प्रभुपुर- सूरतापुर ड्रेन की हुई खुदाई

7d6c32e4abf5

वर्षों पुरानी जलनिकासी समस्या से किसानों को राहत

चंदौली। मूसा खांड बंधी डिविजन की भूपौली पंप कैनाल से निकली प्रभुपुर वाया सूरतापुर ड्रेन की खुदाई रानेपुर निवासी समाजसेवी अमित सिंह के प्रयासों से कराई गई है। लंबे समय से ड्रेन की सफाई और खुदाई न होने के कारण क्षेत्र के किसानों को जलनिकासी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में पानी की निकासी बाधित हो जाने से हजारों एकड़ धान की फसलें जलमग्न हो जाती थीं। इसके चलते किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाता था और पैदावार नाममात्र रह जाती थी।

अमित सिंह के अनुसार ओरवा,दिनदासपुर, कांधी खोनपुर, रानेपुर प्रभुपुर, सहित कई अन्य गांवों के हजारों किसानों को हर वर्ष यही स्थिति बनने से खेती पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था। धान की फसल तैयार होने से पहले ही पानी भर जाने के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ता था। इससे न सिर्फ उत्पादन घटता था, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती थी। कई गांवों के कृषक लगातार इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे।
अमित सिंह के प्रयास से ड्रेन की खुदाई शुरू होने के बाद किसानों में राहत और संतोष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह काम वर्षों पुरानी समस्या से निजात दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि जलनिकासी सुचारु होने से खेतों में पानी नहीं रुकेगा और फसलों को नुकसान से बचाया जा सकेगा।
किसानों ने अमित सिंह के सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय-समय पर ड्रेन की सफाई और रखरखाव होता रहे, तो क्षेत्र में कृषि उत्पादन बेहतर होगा और किसान आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे। यह पहल आने वाले समय में पूरे इलाके के लिए लाभकारी सिद्ध हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *