चंदौली में गोवध के मुकदमे का इनामिया गिरफ्तार, फर्जी आधार से खरीदा था वाहन

चंदौली। सैयदराजा पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामिया अभियुक्त श्यामबली राम को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी पर गोवंशीय पशुओं को वध के लिए बिहार ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज था। विवेचना के दौरान वाहन खरीद में इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कूटरचित आधार कार्ड के इस्तेमाल का भी मामला सामने आया, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो टाटा मैजिक वाहनों में गोवंशीय पशुओं को लादकर चंदौली के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सैयदराजा पुलिस ने बीपी पेट्रोल पंप, रवाजाना तंदूरी ढाबा और एनएच-2 हाईवे की उत्तरी लेन पर बगही कुंभापुर के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने टाटा मैजिक वाहन संख्या BR24GB7941 को रोककर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, वाहन में दो गोवंशीय पशु क्रूरतापूर्वक लदे मिले। मौके से वाहन में सवार राहुल कुमार और अरबिंद तिवारी को गिरफ्तार किया गया था। इसी दौरान दूसरी टाटा मैजिक वाहन संख्या UP64T6823 का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ई-चालान ऐप के माध्यम से जांच करने पर उक्त वाहन का स्वामी श्यामबली राम पुत्र मुन्नर राम, निवासी ग्राम मद्धुपुर, थाना राबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र बताया गया। मामले में सैयदराजा थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 305/2025 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 तथा धारा 109 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
वाहन खरीद की जांच में सामने आया फर्जी आधार कार्ड
पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के बाद श्यामबली राम की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। विवेचना के दौरान पुलिस को वाहन खरीद से जुड़ी जानकारी की जांच में पता चला कि वाहन संख्या UP64T6823 को खरीदते समय इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से कूटरचित आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस ने वाहन के आरसी पेपर, उसमें लगाए गए आधार कार्ड और मूल आधार कार्ड का मिलान किया। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि वाहन खरीद के दौरान पहचान छिपाने के उद्देश्य से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर उसका इस्तेमाल किया गया था। इस आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 318(4), 319, 338, 336 और 340 की बढ़ोतरी की गई।
चंदौली से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस टीम को श्यामबली राम के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 सितंबर 2026 को उसे चंदौली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार श्यामबली राम पुत्र मुन्नर राम ग्राम परेवा, पोस्ट नौबतपुर, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल शंकर राम और कांस्टेबल बृजेश चौहान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त की गिरफ्तारी गोवध के मामले में वांछित चल रहे ₹25 हजार के इनाम की घोषणा के बाद की गई है।