चंदौली पुलिस का बड़ा खुलासा: ऑटो में बैठाकर जेब काटने वाले तीन टप्पेबाज गिरफ्तार, 5 हजार व ऑटो बरामद

65e6e3c3734e
चंदौली। थाना चंदौली पुलिस ने यात्रियों को ऑटो में बैठाकर टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ऑटो चालक समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹5,000 की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट का ऑटो बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को धीना थाना क्षेत्र के भैसाकला निवासी अनिल कुमार शुक्ल ने थाना चंदौली में तहरीर देकर बताया कि वह सकलडीहा रोड पुल की ओर से कचहरी आ रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने कचहरी का रास्ता पूछते हुए उन्हें ऑटो में बैठा लिया। कचहरी गेट के सामने उतरने से पहले चालक व उसके साथियों ने उन्हें भ्रमित कर उनकी जेब से ₹5,000 निकाल लिए और भागने का प्रयास किया। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों की मदद से ऑटो चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
तहरीर के आधार पर थाना चंदौली में मु.अ.सं. 390/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस ने ऑटो चालक रितेश मौर्य के साथ उसके दो सहयोगियों बृजभान और दीपक उर्फ किसमिस को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीधे-सादे यात्रियों को ऑटो में बैठाकर योजनाबद्ध तरीके से उनकी जेब काटते थे। कचहरी गेट के पास भी इसी तरीके से पीड़ित के रुपये चोरी किए गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹5,000 की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट का ऑटो (चेसिस नंबर: MD2B47AX0RWE6206) बरामद किया है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई है।
इस सफल कार्रवाई को थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप एवं पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक गतिविधियों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *