चंदौली पुलिस ने बाबतपुर तक किया अर्टिगा कार का पीछा, 60 किलो गांजा संग तीन तस्कर दबोचे, भेजे सलाखों के पीछे

पुलिस को कुचलकर भागने का दुस्साहस करने वाले गांजा तस्करों का बाबतपुर तक पीछा कर चंदौली पुलिस ने उनका खेल खत्म कर दिया। अर्टिगा की स्टेपनी के नीचे छिपाई गई 60 किलो गांजे की खेप के साथ तीन तस्कर दबोच लिए गए।

चंदौली। नशे के सौदागरों ने पुलिस की घेराबंदी तोड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन चंदौली पुलिस के मुस्तैद जवानों के आगे उनकी एक न चली। अर्टिगा कार से 60 किलो गांजा लेकर जा रहे तीन तस्करों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाकर भागने की कोशिश की। एसओजी, सर्विलांस और अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने हार नहीं मानी और बाबतपुर तक पीछा कर तीनों को कार समेत दबोच लिया। तलाशी में कार की स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे गए 60 बंडल गांजा बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस को टक्कर मारकर भागे, बाबतपुर में घेराबंदी कर दबोचे गए

जानकारी के अनुसार, हमीदपुर पटनवा के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर की तरफ से तेज रफ्तार सफेद अर्टिगा कार (UP44BL9326) आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया और तेजी से भाग निकला। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। बाबतपुर पहुंचने पर तस्करों ने दोबारा पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर बच निकलने की कोशिश की, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

स्टेपनी के नीचे छिपा था 60 किलो गांजा

कार की तलाशी ने तस्करों की शातिराना तरकीब का पर्दाफाश कर दिया। डिक्की में स्टेपनी के नीचे विशेष तरीके से छिपाकर रखे गए 60 बंडलों में कुल 60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल अर्टिगा कार के साथ मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है।

ओडिशा से गांजा लाकर सुल्तानपुर में करते थे सप्लाई

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा लाकर सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक सिंह (25) पुत्र संजय सिंह निवासी बहोरपुर, सुल्तानपुर, अवधेश (20) पुत्र सीताराम निवासी बस्ती और नौशाद (24) पुत्र अनवर अली निवासी बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभिषेक सिंह के खिलाफ सुल्तानपुर में हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, भेजे गए जेल

मामले में थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 667/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट और धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अलीनगर गगनराज सिंह, एसओजी प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा समेत संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।