चंदौली के महेसुआ में पशु आरोग्य मेला, 908 पशुओं का परीक्षण और उपचार

पशु आरोग्य मेले में 908 पशुओं का परीक्षण और उपचार, 40 पशुओं की लघु शल्य चिकित्सा तथा तीन मादा गोवंश में कृत्रिम गर्भाधान पशु स्वास्थ्य और नस्ल सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सरकारी योजनाओं की जानकारी से पशुपालकों को पशुधन के बेहतर प्रबंधन और आर्थिक लाभ के अवसरों से जोड़ने में मदद मिल सकती है

चंदौली। सकलडीहा पशु चिकित्सालय की ओर से मंगलवार को महेसुआ नई बाजार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। शिविर में पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 908 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। साथ ही पशुओं को कृमिनाशक दवाएं भी दी गईं।

शिविर में बड़े और छोटे पशुओं का उपचार किया गया। नर पशुओं का बधियाकरण करने के साथ नस्ल सुधार के उद्देश्य से तीन मादा गोवंश में कृत्रिम गर्भाधान कराया गया। इसके अलावा 40 पशुओं की लघु शल्य चिकित्सा की गई।

कार्यक्रम में उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सकलडीहा डॉ. शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने पशुपालकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पशुपालन घटक के किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय पशुधन बीमा योजना, गो-संरक्षण और नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

मोबाइल यूनिट के प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल यादव ने अपनी टीम के साथ पशुओं के उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण में सक्रिय भूमिका निभाई। पशुधन प्रसार अधिकारी दिघवट दीपक मिश्रा के प्रचार-प्रसार और मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के सकलडीहा पूर्वी मंडल मंत्री रतन लाल और ग्राम प्रधान जितेंद्र यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभागीय कर्मचारी सुनील, अमित, नीरज और शिवलोचन सहित पशु मैत्री राजेश, अखिलेश, प्रेमचंद, विकास, सूर्यकांत मणि, संत कुमार, सूर्यकांत कुमार, धर्मेंद्र शुक्ला, शिवशंकर राय, दयाशंकर राय और मनोज मौजूद रहे।

इसके अलावा पशुपालक अशोक कुमार सिंह, धर्मेंद्र पाठक, गुल्लू यादव, राम अवतार, प्रेम नारायण, शंकर चौहान, भोला सिंह, मुन्नी देवी, कुंवारी देवी और चंद्रशेखर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।