चंदौली एसपी ने पुलिस लाइन और स्मार्ट कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

एसपी आकाश पटेल ने पुलिस लाइन और स्मार्ट कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं परखीं तथा सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। भोजापुर की निर्माणाधीन नवीन पुलिस लाइन का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण पर जोर दिया।

चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बुधवार को पुलिस लाइन, स्मार्ट कंट्रोल रूम और भोजापुर में निर्माणाधीन नवीन पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व अभिलेखों के रख-रखाव के साथ सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था परखी और निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश दिए।

पुलिस लाइन चंदौली में निरीक्षण के दौरान एसपी ने विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई तथा पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयीय कार्य व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद एसपी ने स्मार्ट कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। यहां जनपद के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड और निगरानी व्यवस्था देखी। उन्होंने कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज और लाइव मॉनिटरिंग की जानकारी लेते हुए प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

एसपी ने निर्देश दिया कि किसी संदिग्ध गतिविधि, कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना या आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित पुलिस टीम को तत्काल सूचना देकर त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम में लगे तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच व रख-रखाव तथा तकनीकी खराबी को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने भोजापुर में निर्माणाधीन नवीन पुलिस लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली तथा पुलिसकर्मियों के लिए प्रस्तावित आवासीय, कार्यालयीय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा मौजूद रहे।