ग्रामीणों ने गंदगी से जाम नाली के सफाई की खुद जहमत उठाई

अधिकारियों के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन, खंड विकास अधिकारी ने लिया सज्ञान
धानापुर। कुसम्ही गांव में गंदगी से जाम सीवर और नाली की सफाई की ग्रामीणों ने शनिवार को खुद जहमत उठाई. हाथ में फावड़ा लेकर खुद सफाई कार्य किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की अधिकतर नाली गंदगी से जाम हैं और उसका दुर्गंधयुक्त गंदा पानी सड़क पर बह रहा है जिससे लोगों में बीमारी फैलने का डर बन हुआ है और आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. नाली जाम होने के कारण सड़क भी खराब हो गई है.
ग्रामीण राजेंद्र विश्वकर्मा, अनिल यादव, बेचू अली, जीतेंद्र विश्वकर्मा, मोहम्मद इम्तियाज, सोनू, बाबी, अफजाल, इद्रीश, आरती देवी, शायरा बानो, गुड्डू गोंड ने ग्राम प्रधान पर पक्षपात का आरोप लगाया है. कहा कि ग्राम प्रधान को इस समस्या के तरफ कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया. लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.
बताया जाता है कि धानापुर ग्राम सभा ओडीएफ प्लस में है जिसके साफ सफाई के लिए करोड़ों रुपए का निधि आया है. लेकिन गांव के इस हालत को को देखकर लोग परेशान हैं. इस बाबत खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने कहा कि मौके की जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.