मिल्कीपुर में कुंदरकी दुहराने की कोशिशों पर चुनाव आयोग रखे पैनी नजर : माले

भयमुक्त और बाधारहित हो मतदान,
बीते उपचुनाव में सत्तारूढ़ दल के लोगों द्वारा खास पर्चियां बंटवाई गईं थीं और उन्हें ही वोट डालने दिया गया. ढेर सारे मतदाताओं को वोट डालने से रोके जाने के आरोप लगे थे- सुधाकर यादव
लखनऊ, 4 फरवरी। भाकपा (माले) ने मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशासन का दुरुपयोग कर धांधली करने और कुंदरकी दुहराने की कोशिशों पर चुनाव आयोग से पैनी नजर रखने की अपील की है.
राज्य सचिव सुधाकर यादव ने उपचुनाव की पूर्व संध्या पर जारी बयान में कहा कि चुनाव क्षेत्र से मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा निष्पक्षता बरतने की जगह सत्तारूढ़ दल को जिताने के लिए अनैतिक तरीकों का सहारा लिया जा रहा है. शांतिपूर्ण चुनाव कराने की आड़ में विपक्षी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक बहुल कुंदरकी के बीते उपचुनाव में सत्तारूढ़ दल के लोगों द्वारा खास पर्चियां बंटवाई गईं थीं और उन्हें ही वोट डालने दिया गया. ढेर सारे मतदाताओं को वोट डालने से रोके जाने के आरोप लगे थे. पुलिस द्वारा चुनाव नियमों के खिलाफ जाकर मतदाताओं के पहचान संबंधी दस्तावेज की जांच की जा रही थी. ये सब बातें दलित बहुल मिल्कीपुर में सत्तारूढ़ दल और सरकार के दबाव में न हों. मतदान भयमुक्त माहौल में बाधारहित हो, चुनाव आयोग इसकी गारंटी करे.
माले नेता ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों व विफलताओं को लेकर जनता में गुस्सा है. बुल्डोजर राज से गरीब परेशान हैं. महाकुंभ भगदड़ में जान गंवाने वालों की सही संख्या सरकार ने आजतक जाहिर नहीं की है. अपनों को खोने वालों में भारी आक्रोश है. अयोध्या में दलित बेटी के साथ दरिंदगी हुई. यदि मिल्कीपुर में चुनाव निष्पक्ष होगा, तो जन आकांक्षाओं की सच्ची जीत होगी यह जीत इंडिया गठबंधन समर्थित सपा प्रत्याशी की होगी।