नया राशन कार्ड बनाने व नाम जोड़ने का काम महीनों से ठप

ऑफिसों से बैरंग लौट रहे ग्रामीण, जल्द कार्य शुरू करने की मांग
चंदौली। सकलडीहा सहित जिले में इन दिनों नया राशन कार्ड बनाने व नाम जोड़ने का काम महीनों से ठप चल रहा है। ग्रामीण ऑफिसों का चक्कर लगा कर बैरंग वापस लौट रहे हैं। उनकी मायूसी ने सरकार की मंशा पर पानी फेर दिया है।
दरअसल जिले भर में कुल नौ विकास खण्ड आते हैं। जहां बहुत से ऐसे पात्र व्यक्ति हैं जिनका राशन कार्ड नहीं बना है, जिससे वे राशन से वंचित पड़े हुए हैं। 22 सितंबर से ही नया राशन कार्ड बनाने व नाम जोड़ने का काम बंद है। तब से पात्र व्यक्ति लगातार ऑफिसों पर आने के बाद बैरंग वापस लौट जा रहे हैं।
ग्रामीण उदय, राजू, राजन, सुदर्शन, मंजीत, घूरेलाल और साजन ने बताया कि उनका आज तक राशन कार्ड नहीं बना है जब वह ऑफिस पर गए तो उनको बताया गया कि अभी वेबसाइट बंद चल रही है। जब खुलेगी तब राशन कार्ड बनेगा। ऐसे में आज हतक राशन से वंचित हैं।
इस बाबत सकलडीहा पूर्ति निरीक्षक विक्रांत श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 79% लक्ष्य पूरा हो चुका है। अब अपात्रों का जांच कर नाम काटा जा रहा है। वेबसाइट चालू होने पर पुनः नया राशन कार्ड बनाने और नाम जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा।