पुष्पक एक्सप्रेस दुर्घटना में मौतों के लिए रेलवे ज़िम्मेदार-माले

घायलों का समुचित इलाज और मृतकों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजे की उठाई मांग
लखनऊ, 22 जनवरी। भाकपा (माले) ने जलगांव में पुष्पक एक्सप्रेस दुर्घटना में मौतों के लिए रेलवे को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी ने जनहानि पर शोक प्रकट किया है। साथ ही, घटना की जांच, घायलों का समुचित इलाज और मृतकों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजे की मांग की है।
भाकपा (माले) के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने देर रात जारी बयान में कहा कि रेलवे की बढ़ती लापरवाही, रखरखाव की उपेक्षा और कर्मियों की कमी के चलते रेल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। आखिर सुरक्षित रेलयात्रा रेलवे की प्राथमिकता में कब आएगी। सारा ध्यान लग्जरी ट्रेनों के संचालन और रेलवे में निजीकरण पर है। सामान्य ट्रेनों का बुरा हाल हो रहा है। रेलवे में नई भर्तियां न होने के चलते कामकाज प्रभावित हो रहा है। एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल डिब्बों की संख्या कम होने से भेड़-बकरियों की तरह यात्री ठुसे होते हैं।
उन्होंने कहा कि मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे के पहिए से चिंगारी निकलने से यात्रियों को आग फैलने का वहम हुआ और चेन पुलिंग कर वे ट्रेन से कूद कर बगल की ट्रैक पर पहुंचे, तभी दूसरी ओर से कर्नाटक एक्सप्रेस आ गई और कुचलते हुए निकल गई। यह दुर्घटना ट्रेनों के रखरखाव और सुरक्षित संचालन पर सवाल खड़े करती है।