रेलवे के विकास के दावों को आईना दिखा रहा कुचमन स्टेशन, बुनियादी सुविधाएं भी नदारद
रेलवे विकास और विश्वस्तरीय सुविधाओं के दावे कर रहा है, लेकिन कुचमन रेलवे स्टेशन पर शौचालय, पेयजल, बैठने की जगह और प्रतीक्षालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहा है। सवाल है कि आखिर कब तक यात्री मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसते रहेंगे और रेल अधिकारी इस बदहाली पर कब ध्यान देंगे?

चंदौली। दानापुर के कुचमन रेलवे स्टेशन की बदहाल स्थिति रेलवे के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर न शौचालय की व्यवस्था है, न बैठने के लिए पर्याप्त बेंच और न ही यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय। पेयजल की समुचित व्यवस्था भी नदारद है।
प्रतीक्षालय और बैठने की व्यवस्था नहीं
ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को घंटों प्लेटफार्म पर खड़े रहना पड़ता है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। धूप और बारिश के दौरान यात्रियों के लिए सुरक्षित स्थान तक उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में लोग प्लेटफार्म पर जमीन पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करते हैं।
पेयजल के लिए भटकते यात्री
स्टेशन पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को आसपास की दुकानों का सहारा लेना पड़ता है। गर्मी के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे टिकट का पूरा किराया वसूलता है, लेकिन बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में उदासीनता बरती जा रही है।
गंदगी से बिगड़ रहा माहौल
स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर जगह-जगह कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और पान-गुटखा के दाग दिखाई देते हैं। नियमित सफाई के अभाव में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना रहता है। इससे यात्रियों को असुविधा के साथ संक्रमण का खतरा भी बना रहता है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
ग्रामीणों और यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन की समस्याओं को लेकर कई बार स्टेशन मास्टर और रेल अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यात्रियों का सवाल है कि जब उनसे यात्रा का पूरा किराया लिया जाता है तो उन्हें शौचालय, पेयजल और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं मिलतीं?
रेलवे के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर
एक तरफ रेलवे अमृत भारत स्टेशन योजना और स्वच्छता अभियान के जरिए स्टेशनों को आधुनिक बनाने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कुचमन जैसे स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने डीडीयू मंडल के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर शौचालय, प्रतीक्षालय, बेंच, पेयजल और नियमित सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो यात्री आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।