स्कॉलर्स पब्लिक स्कूल बस ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत

6fed3cec637f
बाइक सहित युवक को दो सौ मीटर तक घसीटती रही बस, चक्का जाम होने पर गाड़ी छोड़कर भागा चालक 

चंदौली, सटीक संवाद। खबर यूपी के जनपद चंदौली के थाना धानापुर से है जहां थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिपट्टी गांव के समीप धानापुर महुंजी मार्ग पर सोमवार को अपरान्ह 3 बजे स्कॉलर्स पब्लिक स्कूल बस ने 44 वर्षीय बाइक सवार को रौंद दिया. जिसकी मौके पर ही मौत हो गई. 

बस चालक की निर्ममता ऐसी रही कि बाइक सहित युवक को बस लगभग दो सौ मीटर दूर तक सड़क पर घसीटते हुए फर्राटे भरती रही. बताया जा रहा है कि पहिया जाम होने पर चालक कूदकर भाग गया.

 मृतक गांव में ही मजदूरी कर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करता था.
धीना थाना क्षेत्र के अवहीं गांव निवासी राम अवतार बिंद के 44 वर्षीय पुत्र सुभाष बिंद सोमवार को दोपहर लगभग 2 बजे मोटरसाइकिल से अपने घर से डबरिया की ओर जा रहे थे. इसी बीच मनिपट्टी गांव के निकट सामने से आ रही स्कालर्स पब्लिक स्कूल की एक बस ने उसे रौंद दिया.
 प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो स्कूल बस तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित हो बाइक सवार को कुचलते हुए लगभग दो सौ मीटर दूर तक बाइक सहित घसीट कर ले गई। जब उसका अगला पहिया जाम हो गया तो मौका देखकर चालक बस छोड़कर भाग निकला. उधर घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई. 
पहचान हो जाने पर ग्राम प्रधान उसे लेकर धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. 
उधर बस को कब्जे में ले लिया और चालक की सरगर्मी से तलाश करने में जुट गई. थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना दुःखद व दुर्भाग्यपूर्ण है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मां के बाद पिता की मौत से टूट गया विक्की

धानापुर। तकरीबन 10 वर्ष पहले सुभाष के पत्नी का निधन हो गया था. वही तीन वर्ष पहले बेटी मुस्कान का विवाह हो गया. अब 17 वर्षीय इकलौता पुत्र विक्की मां के बाद पिता की मौत से अनाथ हो गया।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *