सकलडीहा पीजी कॉलेज में विशेष व्याख्यान एवं संगोष्ठी

a01c3eda7aca

युवाओं से पर्यावरण-संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

चंदौली के सकलडीहा पीजी कॉलेज में बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस के प्री-कैंपेन के तहत “पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका, उनका स्वास्थ्य एवं नेतृत्व” विषय पर विशेष व्याख्यान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य वक्ता, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. संजय कुमार सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर व सशक्त व्यक्तित्व के माध्यम से ही पर्यावरण संरक्षण को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बढ़ते तापमान, वायु व जल प्रदूषण तथा पारिस्थितिक असंतुलन के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए प्रतिदिन के व्यवहार में पौधरोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग पर जोर दिया। प्रो. सिंह ने युवाओं से स्वास्थ्य, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास कर समाज में पर्यावरणीय जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कॉलेज के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। आधुनिकता और अनियंत्रित संसाधन दोहन के कारण जलवायु परिवर्तन और मौसम के प्रतिकूल प्रभाव दिखाई दे रहे हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह प्रकृति की रक्षा में योगदान दे। उन्होंने विद्यार्थियों से वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियानों और अन्य सक्रिय गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने को कहा।
कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर श्री श्याम लाल सिंह यादव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएट प्रोफेसर श्री अजय कुमार यादव ने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शैक्षिक संस्थानों की भूमिका युवाओं में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कई अध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *