उद्घाटन मैच में मिर्चा गाजीपुर ने असम को हराया, अगले चक्र में किया प्रवेश

3f13376e9a2c
खेल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, अनुशासन व एकता और भाईचारे की भावना को भी बढ़ावा देता है – सुशील सिंह 

चंदौली,धानापुर। कस्बा स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज के प्रांगण में सोमवार को अमर शहीद स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का सैयदराजा विधायक सुशील सिंह एवं विशिष्ट अतिथि धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने फीता काटकर एवं फुटबॉल को किक मारकर भव्य शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन अत्यंत सराहनीय हैं, जिनमें असम जैसे दूरस्थ प्रदेश की टीम की भागीदारी खेल भावना को और मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना को भी बढ़ावा देता है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं।
उद्घाटन मैच मिर्चा गाजीपुर बनाम असम के बीच 45-45 मिनट के दो हाफ में खेला गया। टॉस जीतकर मिर्चा गाजीपुर की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। मैच के 10वें मिनट में एहतेशाम ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद सचिन यादव ने 18वें और 34वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर स्कोर 3–0 कर दिया।
असम की ओर से विषम के सटीक पास पर वाजिद ने गोल कर टीम का खाता खोला, लेकिन अंततः मिर्चा गाजीपुर ने मुकाबला 3–1 से जीतकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया।
इस अवसर पर क्लब के सरपरस्त शाहआलम खान, हाजी बिस्मिल्लाह, अध्यक्ष रुस्तम खान, अशोक सिंह, दिलशाद खान, कमलाकांत मिश्र, मनीष सिंह, दुर्गेश सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
मैच में रेफरी की भूमिका रसीद खान ने निभाई, जबकि कमेंट्री आतिफ खान एवं इनाम खान ने संयुक्त रूप से की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *