Headlines

भारत तभी सशक्त होगा जब यहां की महिलाएँ जागरूक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित होंगी -प्राचार्य

सकलडीहा पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति एवं साइबर जागरूकता संगोष्ठी संपन्न, पुलिसकर्मियों ने महिला सेवाओं एवं आत्मरक्षा की दी जानकारी.
चंदौली, सटीक संवाद। सकलडीहा पीजी कॉलेज, सकलडीहा, चंदौली में मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम एवं साइबर जागरूकता संगोष्ठी कार्यक्रम बड़े ही गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ. इस दौरान सकलडीहा थाने की महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित अनेक विधिक प्रावधानों, सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं एवं आत्मरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की. उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे न केवल अपने लिए बल्कि समाज की अन्य महिलाओं को भी सुरक्षा व जागरूकता के प्रति प्रेरित करें.

प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि “भारत तभी सशक्त होगा जब यहां की महिलाएँ जागरूक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित होंगी. महिला सशक्तिकरण मात्र नारा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की आधारशिला है.”

इसी क्रम में साइबर क्राइम टीम चंदौली के इंस्पेक्टर के.पी. सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी व्यवहारिक जानकारी दी. उन्होंने कहा कि “साइबर अपराध से बचाव में यह जानना अधिक महत्वपूर्ण है कि हमें क्या नहीं करना है. जागरूकता और सावधानी ही साइबर अपराध रोकने का सबसे सशक्त उपाय है.”
महाविद्यालय के उप प्राचार्य प्रो. दयानिधि सिंह यादव ने कार्यक्रम की सफलता हेतु सभी आगंतुकों, वक्ताओं एवं छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. दयाशंकर सिंह यादव द्वारा किया गया.
इस अवसर पर महाविद्यालय की मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. सीता मिश्रा, पुलिस विभाग से अंकिता, संतोष यादव,तथा डॉ. वंदना,डॉ अजय यादव, पुस्तकालय प्रभारी अजय कुमार यादव, यज्ञनाथ पाण्डेय, प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. विजेंद्र सिंह सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्राओं की भारी संख्या में सहभागिता रही. छात्राओं ने सक्रियता से प्रश्न पूछे और साइबर अपराध तथा महिला सुरक्षा संबंधी जानकारियों को आत्मसात किया.
यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुआ बल्कि डिजिटल युग में साइबर जागरूकता के महत्व को भी रेखांकित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *