हत्या के प्रयास के मामले में तीन माह से फरार दो आरोपी गिरफ्तार, ससुराल में छिपकर बच रहे थे पुलिस से

537b0aee7d5e
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन माह से फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने-अपने ससुराल में छिपकर रह रहे थे। पुलिस ने दोनों को अलग-अलग स्थानों से दबोचकर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के बथावर गांव निवासी विनोद कुमार ने गांव के ही चार लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस पर कोतवाली सकलडीहा में मुकदमा संख्या 73/2026 बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में रविवार को थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वांछित आरोपी सुशील कुमार पुत्र सेचन राम निवासी बथावर को थाना सैयदराजा क्षेत्र के भवरही गांव से गिरफ्तार किया। वह अपने चाचा के ससुराल में छिपकर रह रहा था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी महादेव उर्फ कमलेश पुत्र स्वर्गीय बेचन निवासी बथावर को थाना बबुरी क्षेत्र के भटपुरवां गांव से गिरफ्तार किया, जहां वह अपने ससुराल में शरण लिए हुए था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। मामले में शेष फरार आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार गौड़ तथा कांस्टेबल प्रश्विन कुमार दूबे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed