चंदौली: पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर बाइक चोर, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; गैंगस्टर समेत 6 मुकदमे दर्ज

80120c2cfb9e
कमलापति अस्पताल से चोरी की गई बाइक बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में था आरोपी, पूछताछ में कई अहम खुलासे।
सटीक संवाद। चंदौली। सदर पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी पर पहले से चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस टीम 6 अगस्त 2026 को मझवार रेलवे स्टेशन के सामने हाईवे कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण खरवार (35 वर्ष), पुत्र छांगुर प्रसाद, निवासी बरहुली, थाना मोहनिया, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। उसके कब्जे से कावासाकी बॉक्सर (UP65V8839) चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने करीब एक माह पहले वाराणसी स्थित कमलापति अस्पताल से यह बाइक चोरी की थी। चोरी के बाद उसने बाइक को बनारस कैंट रेलवे स्टेशन के पास छिपा दिया था और अब उसे बिहार ले जाकर बेचने की योजना थी।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करता है। पहचान छिपाने के लिए दोनों चोरी की गाड़ियों के चेसिस नंबर को आरी ब्लेड से खुरच देते हैं और बाद में उन्हें बिहार में शराब कारोबारियों को बेच देते हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना चंदौली में मुकदमा संख्या 422/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश में भी जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *