अमित शाह की रैली में मीडियाकर्मी की बर्बर पिटाई भाजपा की गुंडई है:माले

b25907e21f1d
लखनऊ, माले ने कहा कि रायबरेली में रविवार को गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रैली में दिल्ली से कवर करने आये यूट्यूब न्यूज चैनल के पत्रकार राघव त्रिवेदी की बर्बर पिटाई पर कहा है कि हार के डर से बौखलाई भाजपा मीडिया को जबरन चुप कराने पर उतर आई है। 



माले के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने एक बयान में कहा कि गृह मंत्री की रैली में पत्रकार की पिटाई भाजपा की गुंडई है। इसकी कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए अमित शाह और भाजपा को माफी मांगनी चाहिए। दोषियों पर कार्रवाई हो। माले नेता ने कहा कि भाजपा का चुनाव प्रचार झूठ की बुनियाद पर टिका है। वह सच्चाई को सामने आने देना नहीं चाहती है। 

राघव त्रिवेदी गृह मंत्री की रैली के दौरान जनता से और भाजपाइयों से सवाल पूछकर अपने कर्तव्यों का ही निर्वहन कर रहे थे। रैली में आई कुछ महिलाओं ने त्रिवेदी को बताया था कि ग्राम प्रधान उन्हें 100-100 रुपये देकर लाया है। इसपर भाजपा नेताओं से सवाल पूछने पर जवाब देने के बजाय उनकी पिटाई भाजपा के इशारे पर की गई। 

इससे स्पष्ट है कि भाजपा को लोकतंत्र की परवाह नहीं है। यह स्थिति तब है, जब चुनाव चल रहे हैं। यह सब मोदी के बाद दूसरे नंबर के भाजपा नेता की जनसभा में हुआ। यह आशंका बेबुनियाद नहीं है कि तीसरी बार सत्ता में लौटने पर भाजपा बचे-खुचे लोकतंत्र और संविधान के खत्म कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *