बिजली विभाग अभियान चलाकर चार लाख वसूला

100 कनेक्शनों की बदली श्रेणी, घरेलू कनेक्शन से चल रही दुकान को किया कमर्शियल
चंदौली, जनपद के कमालपुर कस्बा में अधिशासी अभियंता विपिन कुमार के नेतृत्व में सोमवार को अभियान चलाकर विद्युत कनेक्शनों की चेकिंग की गई. जिसमें अधिशासी अभियंता विपिन कुमार, उपखंड अधिकारी सतीश कुमार, 9 उपखंड अधिकारी सहित 40 विद्युतकर्मी तथा मीटर खंड की टीम के सभी कर्मचारी शामिल रहे.
चेकिंग के दौरान कमालपुर बाजार, सड़क मार्ग, नई बाजार में स्थित सभी दुकानों की जांच की गई. बिजली विभाग की जांच अभियान से कस्बा में हड़कंप की स्थिति बन गई. विभाग की ओर से गठित सात टीम अपने अपने चयनित क्षेत्रों में स्थित दुकानों व मकानों का बिजली चेकिंग किया.
प्रत्येक टीम में अवर अभियंता शामिल रहे. बिजली जांच में कुल 550 कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 45 बकायेदारों से 4 लाख रुपए की वसूली की गई. मौके पर 100 कनेक्शनों की श्रेणी बदली, चेकिंग में पाया गया कि कुछ लोग अपनी दुकानें घरेलू कनेक्शन से चला रहे थे, जिन्हें तत्काल कमर्शियल कनेक्शन में बदला गया.
इसके अलावा 70 उपभोक्ताओं के लोड बढ़ाए गए,150 कनेक्शन बकाए के चलते काट दिए गए. वही 42 लोगों को बिल जमा करने के लिए एक दिन का समय दिया गया. अधिशासी अभियंता सकलडीहा विपिन कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई किया जाएगा. जिन लोगों को बिल जमा करने के लिए समय दिया गया है, यदि उन्होंने निर्धारित समय तक बिल जमा नहीं किया तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे.
इस मौके पर एसडीओ सतीश कुमार, अवर अभियंता प्रमोद यादव, इंद्रजीत सिंह, मनीष कुमार, अजय कुमार, डालचंद, रविंद्र, सुभाष, घनश्याम, टीपू मौर्य, मुन्ना अली, बजरंगी, सद्दाम, गुड्डू अली आदि रहे।