चंदौली बनेगा औद्योगिक प्रधान जनपद-योगी

200 करोड़ से बनेगा कोर्ट परिसर, पूर्वांचल एक्सप्रेस से जुड़ेगा चंदौली और सोनभद्र
चंदौली, सटीक संवाद, 17 जुलाई 2025। जिले में सीएम योगी एक दिवसीय दौरे पर रहे. अपरान्ह 2:15 बजे जगदीश सराय स्थित हेलीपैड पर पहुंचे. पहले से मौजूद जिला प्रशासन, पार्टी कार्यकर्ताओं और जन प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर सुरक्षा गार्ड से सलामी ली और फिर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. तत्पश्चात वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा कर फीडबैक लिया.
सीएम योगी ने चंदौली को क्या सौगातें दी?
बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि चंदौली कृषि प्रधान के साथ औद्योगिक प्रधान जनपद बनेगा. वाराणसी से चंदौली आ रही रिंग रोड विकास की धूरी बनेगी. पूर्वांचल एक्सप्रेस से चंदौली और सोनभद्र जुड़ेगा. चंदौली में 200 करोड़ से कोर्ट परिसर बनाया जाएगा, जिसमें अधिवक्ताओं के चेंबर के साथ अधिकारियों के आवास और जिला जज कार्यालय भी होगा.
जमीन पर कितनी प्रभावी ढंग से लागू हो रही योजनाएं
सीएम योगी ने कहा कि वे यह भी जान रहे हैं कि योजनाएं जमीन पर कितनी प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है.
पार्टी पदाधिकारियों से की अलग से बैठक
सीएम योगी ने भाजपा नेताओं, मंडल पदाधिकारियों और विधायकों के साथ अलग से बैठक कर जिले की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री का यह संवाद पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला माना जा रहा है.
इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधि, विधायक, सांसद, भाजपा पदाधिकारी, तथा प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।