“गुंडई से गाड़ी खींची तो लदेगा लूट का केस”- एसपी

026c05f20cc7
ऋण वसूली में अवैध दबाव, ग्राहकों का उत्पीड़न, जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं,

चन्दौली। ईएमआई न देने पर ग्राहकों का उत्पीड़न और जबरन वाहन जब्ती की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने माइक्रो फाइनेंस कंपनियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुंडागर्दी से वाहन खींचने पर लूट का केस लदेगा।

मंगलवार को पुलिस लाइन्स चन्दौली के सभागार में एसपी की अध्यक्षता में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर द्वारा आयोजित बैठक में जनपद की सभी फाइनेंस एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की गतिविधियों की समीक्षा और कानून-व्यवस्था मजबूत करना था।
एसपी ने निर्देश दिए कि ऋण वसूली में अवैध दबाव, जबरदस्ती या गुंडई बर्दाश्त नहीं होगी। एजेंटों द्वारा वाहन जबरन खींचने, अभद्रता या धमकी की शिकायत पर लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी। दो दिन पूर्व ही ऐसा एक मामला दर्ज किया गया है। एजेंसी के लोगों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी विधिक कदम उठाए जाएंगे।
प्रतिनिधियों को हिदायत दी गई कि रिकवरी विधिक प्रक्रिया से करें। विवाद की स्थिति में स्थानीय पुलिस से संपर्क करें, कानून हाथ में न लें। साथ ही, सभी कलेक्शन एजेंटों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कराया जाए। किसी समस्या पर एसपी से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में एजेंसियों की समस्याएं भी सुनी गईं। एसपी ने कानून के दायरे में सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *