हसनपुर तिरगावा सड़क किनारे नाली न बनाए जाने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से शिकायत के बाद भी नहीं बनी नाली, मज़बूरन करना पड़ा विरोध
रिपोर्ट – राकेश यादव रौशन
चंदौली, मारूफपुर। क्षेत्र के हसनपुर तिरगावा गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को बीच सड़क पर हाथ उठाकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीण सड़क चौड़ीकरण के दौरान नाली नहीं बनाए जाने से आक्रोशित थे.
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी मनीष यादव ने बताया कि इस समय चहनियां से लेकर सैदपुर घाट तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है. मारूफपुर बाज़ार के बाहर तक दोनों तरफ नाली का निर्माण हो चुका है, किंतु बड़कीबारी, हसनपुर तिरगावा गांव से रामकरन सेतु तक बिना नाली बनाए ही सड़क चौड़ी की जा रही है. इसकी शिकायत कई बार ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से की, किंतु उनके कान में जूं तक नहीं रेंगी. आज़िज आकर शुक्रवार को इन गांवों के ग्रामीणों ने हाथ उठाकर विरोध प्रदर्शन किया.
दुकानदार किशन यादव ने बताया कि यदि धरना प्रदर्शन के बाद भी नाली का निर्माण नहीं किया गया तो, इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
प्रदर्शन करने वालों में हरीलाल यादव, रामलखन, रमेश यादव, नंदलाल यादव, ऋषि, भगवान दास, सुग्रीव, मोचन, अशोक, राहुल, मुराहु, अजय, डॉ. राजेश निषाद, ओमप्रकाश, जयप्रकाश, योगेश चौधरी, सग्गन, रणधीर, रामऔतार निषाद, सुरेंद्र यादव, उमा निषाद आदि लोग मुख्य रूप से शामिल थे।