खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम रायबरेली व सीतापुर का करेंगे दौरा

अमेठी में दलित शिक्षक परिवार की हत्या के सिलसिले में परिजनों से व्यक्त करेंगे शोक संवेदना
सीतापुर जिलाधिकारी से मिलकर अर्जुन लाल पर जिला बदर की कार्यवाई वापसी की करेंगे मांग
लखनऊ,5 अक्टूबर,2024 शनिवार। भाकपा (माले) के बिहार विधानसभा सदस्य, पार्टी के विधायक दल के उप नेता व अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम रायबरेली व सीतापुर का रविवार को दौरा पर रहेंगे।
यह जानकारी देते हुए पार्टी के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने आज बताया कि माले विधायक रविवार को अमेठी में दलित शिक्षक परिवार की हत्या के सिलसिले में मृतक शिक्षक के रायबरेली में सुदमपुर स्थित पैतृक निवास जाएंगे और परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।
अगले दिन वे सीतापुर जाएंगे, जहां हरगांव से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य, भाकपा (माले) की राज्य स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के सदस्य व दलित सामाजिक पृष्ठभूमि के अर्जुन लाल के खिलाफ प्रशासन ने जिला बदर की कार्रवाई की है। माले विधायक एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सीतापुर के जिलाधिकारी से मिलेंगे और जिला बदर की कार्रवाई वापस लेने की मांग करेंगे।
इसके अलावा, रविवार को ही भाकपा (माले) के लोकसभा सदस्य व अखिल भारतीय किसान महासभा के महासचिव राजाराम सिंह लखीमपुर खीरी का दौरा करेंगे। वे वहां एक किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वे 2021 में हुई किसानों की हत्या, किसानों की अन्य समस्याओं और हाल में लखीमपुर में किसान महासभा नेता व भाकपा (माले) राज्य समिति के सदस्य रामदरस को जेल भेजे जाने के विषय को भी उठाएंगे।