चंदौली पुलिस ने 18 शराबियों का उतारा नशा

सबके विरुद्ध की कार्यवाई, शराब पीने के प्रतिकूल प्रभाव बताया
चंदौली, पुलिस ने शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। प्रतिदिन शराब बिक्री करने वाली दुकानों और उसके आसपास चेकिंग अभियान चलाकर शराबियों पर शिकंजा कस रही है. जिससे आसपास के लोगों और सड़क पर चलने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो। शनिवार को इस अभियान के दौरान एक बार फिर 18 शराबियों के विरुद्ध कार्यवाही की है।
जिले में शराबियों के खिलाफ पुलिस के अभियान का असर दिख रहा है. जो लोग पुलिस के निर्देश को नहीं मान रहे हैं, उनके लिये जनपद की पुलिस विशेष अभियान चलाकर उनके विरूद्ध कार्रवाई कर रही है।
जिले में सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने, रंगबाजी करने, जुआ खेलने, स्टंट दिखाने, छेड़खानी करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई जारी है. अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई. एक बार से अधिक पकड़े जाने पर डिफॉल्टर्स का लाइसेंस भी निरस्त करवाने की कार्रवाई की जा रही है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संवेदनशील जगह चिह्नित कर पुलिस ने शराबियों पर कार्यवाही की है.
पुलिस ऐसे लोगों के विरुद्ध मात्र कार्यवाही ही नहीं कर रही बल्कि ऐसे सभी लोगों को मादक पदार्थों व शराब के सेवन से होने वाले आर्थिक व शारीरिक हानि के साथ ही सामाजिक प्रतिष्ठा व परिवार के सदस्यों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव के सम्बन्ध में जागरुक कर रही है तथा आगे से मादक पदार्थों का सेवन न करने हेतु प्रेरित भी कर रही है.
पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे ने बताया कि जनपद के समस्त थाना प्रभारीगण को सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाते हुए कार्यवाही किये जाने के साथ ही लोगों को जागरूक किये जाने के निर्देश दिये गये हैं. यह अभियान निरन्तर पूरे जनपद में चलाया जाता रहेगा।