पीकअप के जोरदार टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

दिवाकरपुर पेट्रोल पंप से तेल लेने के लिये घर से जा रहा था बाइक सवार
नईबाजार की ओर से आ रही पिकअप ने धक्का मारकर मौके से फरार
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के दिवाकरपुर मोड़ के पास शनिवार को पूर्वान्ह 10:30 बजे करीब पिकअप के धक्के से धनउर गांव निवासी बाइक सवार 42 वर्षीय मुनीब संजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन के साथ फरार हो गया। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिये जिला अस्पताल भेज दिया। वही मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।
धनऊर गांव निवासी रामनाथ सिंह के दो पुत्र अजय सिंह और संजय सिंह है। अजय सिंह की चतुर्भुजपुर कस्बा में जनरल स्टोर व परचुन की दुकान है। संजय सिंह एक राइस मिल में मुनीबी का काम करते है। शनिवार को सुबह बाइक से संजय सिंह पौरा पेट्रोल टंकी पर तेल लेने जा रहे थे। इसी बीच नईबाजार की ओर से आ रही पिकअप के जोरदार टक्कर से बाइक सवार संजय सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी।
सूचना मिलते ही बड़ा भाई अजय सिंह और पुत्र लक्ष्मीकांत सिंह उर्फ राजा मौके पर पहुंच गये। पिता की शव देख पुत्र और भाई दहाड़ मारकर रोने लगे। मौके पर जुटे ग्रामीणों की मदद से सदर कोतवाली पुलिस शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिये जिला अस्पताल ले गयी। वही सूचना मिलने पर पत्नी गुड़िया सिंह पिता सहित परिजनों का रोते रोते बुरा हाल है।
इस बाबत थानाध्यक्ष चंदौली गगन सिंह ने बताया कि पिकअप के धक्के से बाइक सवार की मौत हो गयी है। परिजनों की तहरीर पर पीएम हेतु कार्रवाई की जा रही है।