पूर्व मध्य रेल ने कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का किया परिचालन
हाजीपुर। आगामी पूजा और पर्व-त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का परिचालन नई दिल्ली, आनंद विहार, चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट, एरणाकुलम, पोत्तनूर सहित विभिन्न शहरों के बीच किया जाएगा। इनमें कई ट्रेनें पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) के रास्ते चलेंगी, जिससे चंदौली समेत आसपास के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार चंडीगढ़-पटना-चंडीगढ़ फेस्टिवल स्पेशल (04512/04511) का परिचालन 1 अक्टूबर से 27 नवंबर तक किया जाएगा। चंडीगढ़ से पटना जाने वाली ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन वाराणसी से होते हुए अगले दिन शाम 5.45 बजे डीडीयू पहुंचेगी और आगे बक्सर, आरा, दानापुर होते हुए पटना जाएगी। वापसी में पटना-चंडीगढ़ स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी और डीडीयू में रात 3.20 बजे तथा वाराणसी में 4.40 बजे रुकेगी।
इसी तरह फिरोजपुर कैंट-पटना-फिरोजपुर कैंट फेस्टिवल स्पेशल (04616/04615) का परिचालन 6 अक्टूबर से 25 नवंबर तक निर्धारित किया गया है। फिरोजपुर कैंट से पटना जाने वाली ट्रेन मंगलवार को चलेगी और अगले दिन दोपहर 2.30 बजे डीडीयू पहुंचेगी। वापसी में पटना से चलने वाली ट्रेन बुधवार को रवाना होगी और रात 11.45 बजे डीडीयू पहुंचेगी।
आनंद विहार-पाटलिपुत्र-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल (04096/04095) का परिचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन किया जाएगा। आनंद विहार से चलने वाली ट्रेन वाराणसी में दोपहर 1 बजे और आगे बलिया, छपरा तथा दीघवारा होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वापसी में पाटलिपुत्र से चलने वाली ट्रेन वाराणसी में सुबह 8.40 बजे रुकते हुए आनंद विहार जाएगी।
दक्षिण भारत से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की है। एरणाकुलम-पटना-एरणाकुलम स्पेशल (06085/06086) का परिचालन अक्टूबर में निर्धारित अवधि के दौरान किया जाएगा। एरणाकुलम से पटना आने वाली ट्रेन सोमवार को किउल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना साहिब और राजेंद्रनगर होते हुए पटना पहुंचेगी। वापसी में पटना से एरणाकुलम जाने वाली ट्रेन मंगलवार को रवाना होगी।
इसी क्रम में पोत्तनूर-बरौनी-पोत्तनूर स्पेशल (06021/06022) भी चलाई जाएगी। पोत्तनूर से बरौनी जाने वाली ट्रेन मंगलवार को डीडीयू पहुंचेगी और बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर तथा शाहपुर पटोरी होते हुए बरौनी जाएगी। वापसी में बरौनी से चलने वाली ट्रेन बुधवार को रवाना होकर डीडीयू होते हुए पोत्तनूर जाएगी।
आनंद विहार-जोगबनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल (04008/04007) का परिचालन 10 अक्टूबर से 8 नवंबर तक निर्धारित है। यह ट्रेन हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया, अररिया कोर्ट और फारबिसगंज होते हुए जोगबनी पहुंचेगी।
इसके अलावा दिल्ली-सीतामढ़ी-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (04010/04009) 15 अक्टूबर से 21 नवंबर तक निर्धारित दिनों में चलेगी। यह ट्रेन बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया होते हुए सीतामढ़ी जाएगी।
आनंद विहार-मुजफ्फरपुर फेस्टिवल स्पेशल (04028/04027) 13 अक्टूबर से 25 नवंबर तक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन सोनपुर और हाजीपुर होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में मुजफ्फरपुर से बुधवार और शनिवार को ट्रेन चलेगी।
वहीं योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर-योगनगरी ऋषिकेश फेस्टिवल स्पेशल (04314/04313) का परिचालन 4 अक्टूबर से 30 नवंबर तक निर्धारित है। यह ट्रेन रविवार को ऋषिकेश से रवाना होकर सोनपुर और हाजीपुर होते हुए मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में सोमवार को मुजफ्फरपुर से चलेगी।
नई दिल्ली-सुपौल-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (04072/04071) का परिचालन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा। नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा होते हुए सुपौल पहुंचेगी। वापसी में सुपौल से ट्रेन चलकर हाजीपुर होते हुए नई दिल्ली जाएगी।
इसी तरह शकूरबस्ती-दरभंगा-शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल (04098/04097) का परिचालन भी किया जाएगा। यह ट्रेन सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा के रास्ते दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में दरभंगा से सीतामढ़ी, बैरगनिया, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज और बगहा होते हुए दिल्ली क्षेत्र जाएगी।
दिल्ली-कामाख्या-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल (04076/04075) भी पर्व के दौरान यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी। दिल्ली से चलने वाली यह ट्रेन प्रयागराज, डीडीयू, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, बरौनी और कटिहार होते हुए कामाख्या पहुंचेगी। वापसी में कामाख्या से चलकर कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, पाटलिपुत्र और डीडीयू होते हुए दिल्ली जाएगी।
इसके अतिरिक्त आनंद विहार-लौकहा बाजार-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल (04014/04013) का प्रतिदिन परिचालन 29 और 30 नवंबर तक किया जा रहा है। यह ट्रेन झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा और गोरखपुर के रास्ते चलेगी।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों का परिचालन आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए किया जा रहा है। विभिन्न रेलखंडों पर इन ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।