एसपी साहब मारूफपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में नहीं रुक रही चोरी की घटनाएं

छपरा गांव में एक ही दिन में दो जगहों पर हुई चोरी
अभी हाल ही में मजिदहा में सर्राफा की दुकान पर चोरों ने किया था हाथ साफ
रिपोर्ट- राकेश यादव रौशन
चंदौली, मारूफपुर 17 जनवरी, 2025। जिले के पुलिस कप्तान आदित्य लांघे जनपद में चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए विभागीय स्तर पर तरह – तरह के एक्शन लेते नजर आ रहे, किंतु इस पर लगाम लगती दिख नहीं रही है. चोरों के हौसले बुलंद हैं, उनमें लेश मात्र भी पुलिस का भय नहीं दिख रहा है.
मालूम हो कि अभी हाल ही में मारूफपुर पुलिस चौकी अंतर्गत मजिदहा बाज़ार में एक सर्राफा की दुकान में चोरों ने दुकान में रखे गहनों पर हाथ साफ कर दिया था. अब इसी चौकी अन्तर्गत छपरा तुर्कहा में एक ही दिन में दो जगहों पर चोरी हो गई. चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एसपी साहब के द्वारा 02 पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही भी की गई थी,
बावजूद इसके प्रशासन की चुस्ती को ठेंगा दिखाते हुए चोरों ने छपरा तुर्कहा गांव के गुरुवार को मंदिर से घंटा, दान पेटी व नकदी और बगल की गुमटी पर हाथ साफ कर दिया.
मालूम हो कि बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर पुलिस चौकी अन्तर्गत छपरा तुर्कहा गांव में दो जगहों पर एक ही दिन में चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया. हनुमानजी जी के मंदिर के गेट से ताला तोड़कर 10 किलो का घंटा और दान पेटी का ताला तोड़कर लगभग 5000 रुपये नकद चुरा ले गए.
वही हनुमान मंदिर से महज 200 मीटर के दुरी पर आलमगीर आलम के गुमटी से परचुन का सामान जैसे सरसों तेल, चीनी, गुड़, गेहूं, सरसों, चना, आलू, सर्फ, साबुन, अंडा दो पेटी इत्यादि समान व नगदी करीब 6000 समेत लगभग 2500 का समान लेकर चोर भाग निकले.
अब सवाल यह है कि थाने और चौकी की पुलिस रात्रि गश्त में क्या कर रही है? इस घटना की जानकारी चौकी प्रभारी मारूपुर तरुण पांडेय को नागेश यादव प्रबंधक ने फोन से दे दिया है.
अब देखना यह होगा कि घटना के बाद पुलिस इस पर क्या कार्यवाही करती है?