जीवन अनमोल है ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करें-महेश सिंह

52624397c100
स्वयं सेवको ने रैली निकाल किया जागरूक, सड़क हादसों में नौवें स्थान पर चंदौली

चंदौली, धानापुर। कस्बा स्थित शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार रोड सेफ्टी माह के अंतर्गत सोमवार को सड़क सुरक्षा जन जागरूकता अभियान चलाया. स्वयंसेवकों ने पोस्टर तथा स्लोगन के साथ रैली निकाल कर सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया.

फोटो: यातायात नियमों का पालन करने के लिए रैली निकाल कर लोगों जागरुक करते स्वयं सेवक 


 रैली महाविद्यालय से चलकर धानापुर कस्बा स्थित बस स्टैंड तक गई.  स्वयंसेवकों ने लोगों को बताया कि यातायात के नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है. वाहन चलाते समय सभी को ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना चाहिए.

 नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करना चाहिए. दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए.

 इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने लोगों को बताया कि देश में बीते वर्ष 2024 में 1 लाख 80 हजार से अधिक लोगों ने सड़क दुर्घटना में जान गंवाई जिनमें से 30000 लोगों की मौत हेलमेट न लगाने के कारण हुई है. 

उन्होंने आगे बताया कि सड़क हादसों में 66 प्रतिशत मौतें ऐसे लोगों की हुई जिनकी आयु 18 से 34 साल थीं जो बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है. परिवहन विभाग द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार पूर्वांचल में हुए सड़क हादसों में आजमगढ़ पहले तथा चंदौली नौवें स्थान पर है.

 रैली को संबोधित करते हुए धानापुर थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने कहा कि सड़क पर चलने वाले सभी लोग यदि यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें तो सड़क दुर्घटनाएं शून्य हो जाएगी. उन्होंने सभी से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील किया.

 इस अवसर पर डॉ. सत्यप्रकाश पटेल, डॉ. अंकित पटेल तथा सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *