जन्माष्टमी के दिन भी मंदिर मार्ग पर गंदगी, नहीं नियुक्त हुआ सफाई कर्मी

बजबजा रहा गांव का नाला, गांव की गलियों में लगा कूड़े का अंबार
चंदौली, जनपद के सकलडीहा कस्बा के टिमिलपुर गांव में तैनात सफाई कर्मी को कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बीते दस अगस्त को निलंबित कर दिया गया। दो सप्ताह बाद भी गांव में सफाई कर्मी की नियुक्ति नहीं होने पर मंदिर मार्ग से लेकर गांव की गलियों में कूड़ा करकट का अंबार लगा हुआ है। वहीं गांव का नाला बजबजा रहा है।जन्माष्टमी पर्व पर भी मंदिर पर गंदगी के अंबार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शिकायत के बाद भी जिला से लेकर ब्लॉक के अधिकारी अनजान बने हुए है।
इसके अलावा तेन्दुईपुर में भी गांव की मुख्य मार्ग पर गंदगी का अंबार और नाबदान का पानी बहने से लोगों में भारी नाराजगी है। जहां अधिकारी गांवों में जनचौपाल लगाकर गावों को ओडीएफ प्लस का दावा कर रहे है। वही सकलडीहा कस्बा के टिमिलपुर गांव में बीते दो सप्ताह से एक भी सफाई कर्मी की नियुक्ती नहीं होने से गांव से लेकर देवस्थल तक जगह जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
जबकि टिमिलपुर गांव के प्राचीन शिव सरोवर और मंदिर मुख्यमंत्री पर्यटन सर्वधन योजना के तहत चयनित है। यहां पर बीते वर्ष लाखों रूपये खर्च करके सुंदरीकरण कार्य करके पयर्टन के रूप में विकसीत किया गया है। लेकिन साफ सफाई के अभाव में सरोवर से लेकर मंदिर मार्ग और गांव में गंदगी का अंबार फैला हुआ है।
बीते दस अगस्त को कार्य में लापरवाही पर गांव में तैनात सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया गया। दो सप्ताह बाद भी नये सफाई कर्मी की नियुक्ति नहीं होने पर लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सफाई कर्मी के अभाव में स्कूल से लेकर स्वास्थ्य केन्द्र पर सुबह शाम साफ सफाई को लेकर समस्या हो रही है।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष केके सोनी ने मंदिर मार्ग पर सफाई की व्यवस्था नही होने पर आन्दोलन की चेतावनी दिया है।